संजय मल्होत्रा बने आरबीआई के नए गवर्नर

Photo Credit: PTI
नई दिल्ली। भारत के वित्तीय क्षेत्र में बड़ा बदलाव हुआ है। राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा गवर्नर शक्तिकांत दास की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
संजय मल्होत्रा RBI के 26वें गवर्नर होंगे। वह 1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उनके पास प्रशासन और वित्तीय क्षेत्र का लंबा अनुभव है। नवंबर 2020 में मल्होत्रा ने आरईसी (Rural Electrification Corporation) के चेयरमैन और एमडी का पद संभाला था। इसके पहले वह ऊर्जा मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
साल 2022 में, केंद्र सरकार ने संजय मल्होत्रा को डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के सचिव के रूप में नियुक्त किया था और साथ ही उन्हें आरबीआई के निदेशक के रूप में नामांकित किया गया था।
संजय मल्होत्रा के पास वित्तीय क्षेत्र के प्रबंधन और नीति निर्माण में व्यापक अनुभव है, जो उनकी नई भूमिका के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उनका यह कार्यभार भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक नई दिशा तय कर सकता है।

Comments
0 comment